कानपुर : नर्वल में कई हॉस्पिटल पर छापा, बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा अस्पताल सील
हॉस्पिटल में मरीजों का इलाज किया जा रहा था एसडीएम की छापेमारी से हड़कंप
कानपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी के निर्देश पर नर्वल तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा एक हॉस्पिटल सील कर दिया गया जबकि दूसरे हॉस्पिटल में अनियमितताएं मिलने के बाद नोटिस जारी किया गया है।
गुरुवार को एसडीएम नर्वल विवेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज सीएचसी सरसौल अविनाश यादव एवं थाना महाराजपुर पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर एक अस्पताल को सील कर दिया, जबकि दूसरे के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
टीम ने नरवल मोड़ के पास स्थित श्रेयांश अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां बिना पंजीकरण के मरीजों को भर्ती कर इलाज किए जाने का मामला सामने आया। मौके पर न तो कोई पंजीकरण अभिलेख मिले और न ही डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध था। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया तथा मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज को संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके बाद टीम ने महाराजपुर-हाथीपुर हाईवे पर ओवरब्रिज के निकट संचालित आरएस अस्पताल की जांच की। यहां ऑक्सीजन सिलेंडर, ड्रिप एवं 7-8 स्ट्रेचर बेड सहित अस्पताल संचालित होने के पर्याप्त साक्ष्य मिले, हालांकि मौके पर कोई मरीज, डॉक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित नहीं था।
केवल एक केयरटेकर मिला, जो कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करने, अस्पताल का बोर्ड हटवाने तथा यदि अस्पताल का संचालन नहीं किया जा रहा है तो सभी चिकित्सा संबंधी उपकरण तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
