Rampur : पालिका बोर्ड बैठक में 2 अरब 23 करोड़ रुपये का बजट पास

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बैठक शुरू होने के 5 मिनट में पास हो गया वर्ष 2026-27 का बजट

रामपुर, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 2 अरब 23 करोड़ रुपये का बजट पास हो गया। दोपहर करीब 12:10 बजे बैठक की कार्रवाई शुरू हुई और 5 मिनट के भीतर मौजूद सभासदों ने एक सुर में बजट को पास कर दिया। इसके बाद सभासदों ने अपने वार्डों से संबंधित मुद्दे उठाए।

सभासद दिनेश रस्तोगी उर्फ दिन्ने ने कहा कि होली पर पालिका ने कंट्रोल रूम नहीं बनाया। ईद पर कंट्रोल रूम जरूर बनना चाहिए ताकि लोगों की समस्याएं तुरंत निस्तारित हो जाएं। पालिका सभागार में बैठक की कार्रवाई शुरू होने के 5 मिनट बाद ही सभासदों ने एक सुर में कहना शुरू कर दिया कि बजट पास है। इसके बाद दिनेश रस्तोगी उर्फ दिन्ने ने कहा कि होली पर जो गलती हुई है इस बार नहीं होना चाहिए पालिका कंट्रोल रूम बनवाए। इसके अलावा सभासदों ने कहा कि बुध बाजार कहीं और लगवाना चाहिए क्योंकि बुध बाजार के कारण जाम लगता है। बुध के दिन दुकानदार बंद दुकानों के सामने सड़कों पर अपनी दुकाने सजा लेते हैं। जिसके कारण सर्राफा बाजार, बर्तन बाजार, पान दरीबा, शादाब मार्केट, चाकू बाजार और सफदर गंज में लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। वार्ड 30 के सभासद सुमित कुमार ने पालिका के एक क्लर्क से काम लिए जाने की बाबत कहा कि उनपर कई मामले दर्ज हैं यदि उनकी सेवा निवृत्ति पर उनके बकाएजात का भुगतान किया गया तब 25 सभासद इस्तीफा दे देंगे। वार्ड 4 के सभासद विनोद कश्यप ने ज्वालानगर स्थित पार्क का नाम महाराणा प्रताप पार्क किए जाने की मांग की। इसके अलावा आगापुर चौराहा श्रीराम चौक पर महिलाओं के लिए पिंक टायलेट बनवाए जाने की भी मांग की।

पालिका में 18 चालक और दौड़ रहे 50 वाहन
पालिका में 18 चालक भर्ती हैं जबकि, हर सुबह 40 से 50 वाहन शहर से कूड़ा उठाने के लिए निकलते हैं। सभासदों ने हैरानी जताई कि पालिका के इतने वाहन कैसे चल रहे हैं। कहा कि वाहन चालकों के लाइसेंस चेक कराए जाएं। सभासद श्वेता शर्मा ने कहा कि रामपुर में लोगों ने जगह-जगह डेयरी खोल ली हैं और उससे गंदगी होती है। इसे साफ कराया जाए उन्होंने कहा कि पालिका के सभागार को भी चकाचक कराना चाहिए यहां पर्दे लगाकर काम चलाया जा रहा है।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि जो गलती होली पर हुई है वह ईद पर नहीं होगी। उन्होंने बताया कि 2 अरब 23 करोड़ के बजट में कर्मचारियों का वेतन और शहर में इस पैसे से विकास कार्य कराए जाएंगे।

शहर में विकास कार्य हो रहे हैं लेकिन सभी सभासदों ने बजट को पास कर दिया है अब रामपुर के विकास को और गति मिलेगी। - सना मामून, पालिकाध्यक्ष

बैठक में यह रहे मौजूद
दिनेश कुमार दिन्ने, सैयद अजहर मियां, जिया उर रहमान बाबू, मुराद कलीम, शाहवेज अंसारी, गुफरान खां, शादाब अली, अलीम खां, रफी उल्लाह खां, सदफ नाज, नूरजहां, शहाब खां, चेतना  आजाद, गुड्डू खां, रोशन जहां, आसिफ खां, सरफराज खां, गुड्डू खां, शाहवेज भूरा, खलील अहमद, अशोक बाबू, निर्धारण अधिकारी अनिकेत, स्टेनो विलसन कुमार, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक दिलशाद हसन,सहायक अभियंता (निर्माण)  उमेश बाबू लेखाकार, रफत शेर खां, जलकल अभियंता मूलचंद पटेल, पथ प्रकाश प्रभारी अरुण कुमार, निरीक्षक संजीव कुमार, सफाई निरीक्षक अविनाश, द्वारिका नाथ, मुकेश आदि।

संबंधित समाचार