लखनऊ में ईद का जश्न : ऐशबाग ईदगाह पहुंचे अखिलेश यादव व दिनेश शर्मा, नमाजियों को दी मुबारकबाद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में ईद-उल-फित्र की नमाज अदा करने के बाद राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने एकजुट होकर लोगों को ईद की बधाई दी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व  पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, भाजपा की पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी सहित कई हस्तियां ईदगाह पहुंचीं।

ईद की नमाज सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई, जिसमें हजारों मुस्लिम भाई-बहनों ने हिस्सा लिया। नमाज के बाद नेताओं ने न केवल ईद मुबारक कहा, बल्कि अमन-चैन, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की अपील भी की। यह मौका राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सामाजिक एकता का प्रतीक बना। अखिलेश यादव ने मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि ईद का चांद सबका एक है और सभी को खुशियां मिलें। उन्होंने भाईचारे का संदेश दिया। 

वहीं डॉ. दिनेश शर्मा, अजय राय और रीता बहुगुणा जोशी ने भी उपस्थित जनसमूह को ईद की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।ऐशबाग ईदगाह लखनऊ का प्रमुख स्थल है, जहां हर साल ईद पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं। इस बार भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और हाई अलर्ट के बीच नमाज सुचारु रूप से संपन्न हुई।

संबंधित समाचार