IPL 2026 से बाहर हुए आकाश दीप, KKR ने शुरू की विकल्प की तलाश
कोलकाताः हर्षित राणा के बाद अब आकाश दीप के भी इंडियन प्रीमियर लीग से बाहर होने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को वैकल्पिक तेज गेंदबाज की तलाश है। कोलकाता नाइट राइडर्स के एक शीर्ष अधिकारी ने क्रिकबज को आकाश दीप के आईपीएल से बाहर होने की की पुष्टि करते हुए कहा, "दुर्भाग्य से, वह आईपीएल से बाहर हो गया है। इस सीजन के लिए उसे बाहर कर दिया गया है।"
29 वर्षीय बंगाल के इस तेज गेंदबाज आकाश दीप को फ्रैंचाइजी ने पिछले साल अबू धाबी में हुई मिनी-नीलामी में एक करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था। आकाश दीप कोलकाता नाइट राइडर्स के कैंप में शामिल नहीं हुए हैं, जो 18 मार्च से कोलकाता में चल रहा है। समझा जाता है कि वह बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं, हांलाकि उनकी चोट की सही प्रकृति अभी भी स्पष्ट नहीं है।
माना जा रहा है कि रिहैबिलिटेशन के प्रबंधकों की ओर से खिलाड़ी के संबंध में फ्रैंचाइजी को कुछ जानकारी दी गई है। आकाश लगातार चोटों का शिकार रहे हैं, जिसके कारण उन्हें नियमित रूप से मैच छोड़ने पड़े हैं - चाहे वह भारत के लिए खेल रहे हों या आईपीएल फ्रैंचाइजी के लिए। वह पिछले आईपीएल में, वह लखनऊ सुपरजायंट्स का हिस्सा थे। एक सीजन के बाद फ्रैंचाइजी ने ही उन्हें रिलीज कर दिया था। आकाश के उपलब्ध न होने के कारण, नाइट राइडर्स के पास अब उनका कोई विकल्प खोजने के अलावा और कोई चारा नहीं बचा है। फ्रैंचाइजी हर्षित राणा के लिए भी किसी विकल्प की तलाश करने को लेकर दुविधा में थी, हर्षित को घुटने की सर्जरी के कारण कैंप शुरू होने से पहले ही बाहर कर दिया गया था। कैंप के भीतर यह राय थी कि राणा जैसे बेहतरीन खिलाड़ी के लिए कोई उपयुक्त विकल्प उपलब्ध नहीं है।
केकेआर मुख्य कोच अभिषेक नायर ने शुक्रवार को किसी विकल्प की तलाश करने का संकेत दिया था, शायद इस जानकारी के आधार पर कि आकाश का भी इस सीज़न में खेलना संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि जल्द ही, मुझे लगता है कि एक-दो दिनों में। ज़ाहिर है, हर्षित अभी बीसीसीआई के साथ रिहैबिलिटेशन में हैं। जैसे ही हमें कोई अपडेट मिलेगा, मेडिकल टीम हमें बता देगी। घोषणा करने से पहले हम यह देखने की कोशिश करेंगे कि हम किसे चुन रहे हैं। इसमें हमें कुछ और दिन लगेंगे।"
इस ताजा झटके से इस सीजन से पहले नाइट राइडर्स की गेंदबाजी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। फैंचाइजी ने पथिराना पर काफ़ी पैसा लगाया था (उन्हें 18 करोड़ रुपये में खरीदा था), लेकिन इस श्रीलंकाई तेज गेंदबाज को अभी तक अपने बोर्ड से एनओसी नहीं मिली है। वैसे भी, उम्मीद है कि वह इस सीजन का कम से कम कुछ हिस्सा तो जरूर नहीं खेल पाएंगे। वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक और कार्तिक त्यागी अभी केकेआर में शामिल भारतीय तेज गेंदबाज़ हैं। टीम मैनेजमेंट के पास, ज़ाहिर है, ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का इस्तेमाल कुछ ओवरों के लिए करने का विकल्प भी है। टूर्नामेंट में केकेआर अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगा।
