कानपुर : महिला को इंप्रेस करने के लिए रची लूट की साजिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में महिला का आकर्षित करने के इरादे से स्वयं से हुयी लूट का ड्रामा करने वाले शख्स को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 20 मार्च की सुबह करीब पांच बजे थाना सीसामऊ क्षेत्र में मेरठ निवासी अन्तिम सोनी ने सूचना दी थी कि रेलवे स्टेशन से टेंपो में बैठते समय अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर करीब 30 लाख रुपये नकद और 8 लाख रुपये के जेवर लूट लिए। 

सूचना पर पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस, साइबर, स्वाट और थाना रायपुरवा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। जांच में वादी द्वारा बताए गए घटनास्थल और वास्तविक लोकेशन में अंतर पाया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन पनकी पड़ाव क्षेत्र में मिली। 

पुलिस ने शिकायतकर्ता से गहन पूछताछ की जिसमें खुलासा हुआ कि शिकायतकर्ता ने पूरी लूट की कहानी खुद ही गढ़ी थी। उसने स्वीकार किया कि एक महिला को प्रभावित करने और उससे आर्थिक लाभ लेने के उद्देश्य से उसने यह फर्जी घटना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी अन्तिम सोनी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं, जिनमें पीतल पर सोने की परत चढ़ाकर ठगी करना और फर्जी जेवर गिरवी रखकर ऋण लेकर फरार होना शामिल है। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला पूरी तरह से असत्य पाया गया है और आरोपी ने निजी स्वार्थ में यह साजिश रची थी।

संबंधित समाचार