Uttrakhand: वीकेंड पर सरोवर नगरी हुई गुलजार...होटलों के कमरे पूरी तरह रहे फुल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नैनीताल, अमृत विचार। ईद वीकेंड के मौके पर सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी नजर आयी। ऐसे में पूरा शहर गुलजार रहा। रविवार को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक बनी रही और सैलानियों ने यहां की प्राकृतिक खूबसूरती का जमकर आनंद लिया।

नैनी झील में पर्यटकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां लोगों ने नौकायन का लुत्फ उठाया। वहीं, नैनीताल चिड़ियाघर में भी पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ रही। सैलानियों ने बाघ समेत अन्य वन्यजीवों को देखने में खास रुचि दिखाई। इसके अलावा स्नो व्यू, टिफिन टॉप, केव गार्डन और अन्य पर्यटन स्थलों पर भी दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर स्थानीय होटल व्यवसाय पर भी साफ नजर आया। शहर के छोटे होटलों में करीब 60 प्रतिशत तक कमरे भर गए हैं, जबकि बड़े होटलों में भी बुकिंग में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग में तेजी आने से आने वाले दिनों में और अधिक भीड़ की संभावना जताई जा रही है। पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यवसायियों के चेहरों पर इस रौनक से खुशी साफ झलक रही है।

हालांकि, भीड़ के चलते शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होती नजर आई। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और ट्रैफिक धीमी गति से रेंगता हुआ दिखाई दिया। पुलिस और यातायात कर्मियों को व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।

ईद वीकेंड के चलते बढ़ी इस भीड़ ने एक बार फिर नैनीताल के पर्यटन कारोबार को संजीवनी दी है। स्थानीय कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की संख्या में इजाफा बना रहेगा, जिससे पर्यटन सीजन को मजबूती मिलेगी।

संबंधित समाचार