Uttrakhand: दूसरी पत्नी को छोड़ने दबाव बना रही थी रूपा, पहला पति बन गया जान का दुश्मन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

देहरादून, अमृत विचार। प्रेम के त्रिकोण में उलझी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में सुलझा लिया गया। प्रेमनगर पुलिस ने पहली पत्नी रूपा की हत्या करने के आरोप में उसके पति रंजीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इस सफल अनावरण पर आईजी गढ़वाल ने थानाध्यक्ष प्रेमनगर कुन्दन राम की टीम को 5000 रुपए और एसएसपी ने 2500 रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

एसएसपी ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि, बीती 11 मार्च को प्रेमनगर के जंगल में एक अज्ञात महिला का शव प्लास्टिक के कट्टे में बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण गला दबाना आने के बाद पुलिस की तरफ से हत्या का केस दर्ज कराया गया था।

शिनाख्त ही बनी चुनौती
पुलिस के लिए शव की शिनाख्त ही बड़ी चुनौती बन गई थी। पुलिस की 8 टीमों ने करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और करीब 5000 लोगों के सत्यापन के बाद शव की शिनाख्त रूपा (32) पत्नी रंजीत शर्मा निवासी सहरसा, बिहार हाल निवासी भाटोवाला, देहरादून के रूप में की थी।

रंजीत तक पहुंची पुलिस
एसएसपी के अनुसार, पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए रंजीत शर्मा (32) निवासी सहरसा बिहार हाल निवासी भाटोवाला देहरादून को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की तो खुलासा हो गया। रंजीत ने बताया कि, वर्ष 2009 में उसकी शादी रूपा से हुई थी लेकिन लेकिन 4 साल पहले ही रूपा ने उसे छोड़कर दूसरे पुरूष से शादी कर ली थी, जिसके बाद उसने भी पूर्व से शादीशुदा सुशीला नाम की महिला से शादी कर ली थी। वह करीब 12 साल पहले बिहार छोड़कर मजदूरी करने देहरादून आ गया था।

आखिरकार रूपा के हिस्से मौत आई
एसएसपी के अनुसार, रंजीत की दूसरी पत्नी सुशीला करीब एक साल से बिहार में रह रही थी। इसी दौरान उसकी पहली पत्नी रूपा भी अपने दूसरे पति को छोड़कर गांव पहुंच गई थी। उसने रंजीत से फोन पर संपर्क बढ़ाया और फिर बीती 23 फरवरी को 11 माह की पुत्री के साथ देहरादून रंजीत के पास आ गई थी। इस दौरान रूपा रंजीत पर अक्सर सुशीला को छोड़ने का दबाव बनाती रही लेकिन रंजीत इसके लिए तैयार नहीं हुआ। 5 मार्च की रात जब रंजीत सुशीला से मोबाइल फोन पर बात कर रहा था तो रूपा ने उससे मोबाइल फोन छीन लिया था। इसके बाद विवाद इतना बढ़ा कि रंजीत ने रूपा की गला दबाकर हत्या कर शव को प्रेमनगर के जंगल में फेंक दिया था।

 

संबंधित समाचार