1 अप्रैल से बदल जाएंगे PAN Card के नियम, अब आधार कार्ड से नहीं होगा काम, जानें पूरी डिटेल्स

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः अगर आप जल्द ही पैन कार्ड बनवाने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। 1 अप्रैल 2026 से पैन कार्ड आवेदन की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अभी तक जो आसान रास्ता था, वो अब थोड़ा सख्त हो जाएगा। आइए जानते हैं क्या बदल रहा है और आपको क्या तैयारी करनी चाहिए।

अभी 31 मार्च 2026 तक पैन कार्ड बनवाना काफी आसान है। सिर्फ आधार कार्ड से काम चल जाता है। ज्यादा दस्तावेजों की जरूरत नहीं पड़ती। लेकिन 1 अप्रैल से ये सुविधा खत्म हो रही है।

नए नियमों के तहत अब केवल आधार कार्ड से पैन नहीं बनेगा। आवेदकों को अतिरिक्त पहचान और जन्म से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे।

ये दस्तावेज होंगे शामिल

- जन्म प्रमाण पत्र
- वोटर आईडी
- पासपोर्ट
- ड्राइविंग लाइसेंस
- 10वीं का मार्कशीट/सर्टिफिकेट
- या कोई अन्य सरकारी मान्य दस्तावेज

इन दस्तावेजों की वजह से पैन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा समय ले सकती है और थोड़ी जटिल भी हो जाएगी। सरकार का मकसद पैन कार्ड को और सुरक्षित बनाना है, ताकि फर्जीवाड़ा पूरी तरह रोका जा सके।

एक और अहम बात – पैन कार्ड में दर्ज होने वाली हर जानकारी – नाम, जन्म तिथि, लिंग, पता – आधार से 100% मैच करनी चाहिए। इसलिए आवेदन करने से पहले अपने आधार कार्ड को अपडेट कर लें। अगर आधार में कोई गलती है, तो पहले उसे ठीक करवाएं, वरना आवेदन रिजेक्ट हो सकता है।

इसके अलावा 1 अप्रैल 2026 से नया आवेदन फॉर्म लागू हो जाएगा। पुराना फॉर्म मान्य नहीं रहेगा। चाहे नया पैन बनवाना हो या सुधार करवाना हो – सब कुछ नए फॉर्म से ही होगा।

तो दोस्तों, अगर आप मार्च के आखिरी दिनों में पैन कार्ड बनवा सकते हैं, तो अभी कर लें – क्योंकि अप्रैल से प्रक्रिया थोड़ी मुश्किल और लंबी होने वाली है।

ज्यादा जानकारी के लिए आप इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी पैन सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। समय रहते तैयारी कर लें, ताकि बाद में कोई परेशानी न आए।

संबंधित समाचार