सियासी दांव : दलित नेता ब्रह्मस्वरूप सागर चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी में शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर सुरक्षित सीट से टिकट के दावेदार रहे ब्रह्मस्वरूप सागर ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच आजाद समाज पार्टी ज्वाइन कर ली है। बरेली के प्रमुख दलित चेहरों में शुमार ब्रह्मस्वरूप चुनावी राजनीति से लेकर संगठन तक के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं। शाहजहांपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं।

आजाद समाज पार्टी के प्रमुख एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ ने नई दिल्ली में अपने आवास पर ब्रह्मस्वरूप सागर को सदस्यता ग्रहण कराई है। पार्टी के यूपी अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड भी इस दौरान मौजूद रहे। ब्रह्मस्वरूप सागर ने राजनैतिक करियर की शुरूआत समाजवादी पार्टी से की थी। उस दौर में वह समाजवादी दिग्गज तत्कालीन जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के बेहद करीब माने जाते थे। सपा में उन्होंने कई पद संभाले। इसके बाद बसपा में चले गए और बरेली जिला अध्यक्ष के अलावा मंडल कोऑर्डिनेटर तथा बरेली-मुरादाबाद मंडल के जोन इंचार्ज भी रहे।

2019 बाद में उनका बसपा से भी मोहभंग हो गया और वह कांग्रेस में शामिल हो गए। पार्टी ने शाहजहांपुर सुरक्षित लोकसभा सीट से उन्हें उम्मीदवार बनाया था, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। 2022 से पहले ब्रह्मस्वरूप ने कांग्रेस छोड़ फिर सपा का रुख किया और फरीदपुर विधानसभा से टिकट के दावेदार बने रहे। हालांकि, सपा ने पूर्व विधायक विजयपाल सिंह पर दांव लगाया और वह भाजपा के मौजूदा विधायक प्रो. श्यामबिहारी लाल के हाथों पराजित हो गए। कुछ समय पहले भाजपा विधायक प्रो. श्यामबिहारी के निधन से रक्त हुई फरीदपुर विधानसभा में सरगर्मियां बढ़ रही हैं। ऐसे समय में ब्रह्मस्वरूप सागर ने चंद्रशेखर रावण की आजाद समाज पार्टी में पहुंचकर जिले में राजनैतिक हलचल बढ़ा दी है।

 

संबंधित समाचार