एक्शन में LDA... 15 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, एक मैरिज लॉन सील
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को चिनहट व काकोरी में 15 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। दिनभर चली कार्रवाई में उर्मिला सिटी व विंध्यवासिनी कालोनी समेत 155 बीघा में निर्माण ध्वस्त किया। वहीं, गोमती नगर विस्तार में एक अवैध मैरिज लॉन व एक व्यावसायिक निर्माण सील किया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि चिनहट के जुग्गौर में 45 बीघा में अवैध रूप से विकसित की जा रही उर्मिला सिटी व विंध्यवासिनी कालोनी टीम ने ध्वस्त कर दी। इसी तरह प्रदीप पाठक, सुनील यादव, शिव शक्ति यादव, मधुरेश श्रीवास्तव व अन्य द्वारा लगभग 35 बीघा में की जा रही चार प्लाटिंग ध्वस्त की।
इसके अलावा गोमती नगर विस्तार के खरगापुर में अभिषेक यादव द्वारा लगभग 1000 वर्गमीटर में निर्मित किए जा रहे आमंत्रण मैरिज लॉन व अनुराग वर्मा द्वारा छोटा भरवारा में लगभग 300 वर्गमीटर के भूखंड पर किये जा रहा एक व्यावसायिक निर्माण सील किया। प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि काकोरी के बरागांव में अवधेश कुमार, देवऋषि, अमित राजपूत, मोहम्मद जब्बार, रामाश्रय विलेश्वर, मिठाई लाल यादव, राजावंत स्टेट के प्रबंधक व अन्य द्वारा लगभग 75 बीघा में की जा रही नौ प्लाटिंग ध्वस्त की।
