सपा विधायक का आरोप- राज्य सरकार से नहीं मिला अपेक्षित सहयोग, अधूरी रह गईं विकास परियोजनाएं

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। प्रयागराज की मेजा विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक संदीप पटेल ने कहा है कि सरकार में न होने के कारण वह कई बड़े विकास कार्य नहीं करा सके, जिसका उन्हें दुःख है। हालांकि उन्होंने विधायक निधि के माध्यम से क्षेत्र की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया।

संदीप पटेल ने मंगलवार को एक न्यूज एजेंसी से खास बातचीत में कहा कि वर्ष 2022 में जनता के समर्थन से वह विधानसभा पहुंचे और तब से क्षेत्र के प्रमुख मुद्दों को उठाते रहे हैं। उन्होंने सिरसा पुल सहित अन्य पुलों के निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, बिजली-पानी की व्यवस्था सुधारने और स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने के प्रयासों का उल्लेख किया।

विधायक ने कहा कि मेजा क्षेत्र में खनन गतिविधियों के कारण प्रदूषण बढ़ा है, जिससे कैंसर और टीबी जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र में कैंसर अस्पताल की मांग उठाने की बात भी कही। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जिसके चलते कई परियोजनाएं अधूरी रह गईं।

सिरसा पुल परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसका शिलान्यास तो हुआ, लेकिन कार्य अब तक आगे नहीं बढ़ पाया। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि टिकट का निर्णय पार्टी नेतृत्व, विशेषकर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लिया जाता है। उनका लक्ष्य प्रदेश में "पीडीए" (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार बनाना है। 

संदीप पटेल ने दावा किया कि 2012 से 2017 के बीच अखिलेश यादव के नेतृत्व में हुए विकास कार्य आज भी जनता को याद हैं, जिनमें 108 और 102 एंबुलेंस सेवा, 100 पुलिस सेवा, बेरोजगारी भत्ता, विधवा पेंशन, लैपटॉप और साइकिल योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह लगातार क्षेत्र में रहकर जनता के सुख-दुख में शामिल होते हैं और उन्हें भरोसा है कि 2027 में प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनेगी तथा मेजा सहित पूरे यमुनापार क्षेत्र में पार्टी और मजबूत होगी।  

संबंधित समाचार