Moradabad: विकास कार्यों में सिर्फ इमारतें ही नहीं, गरीबों और वंचितों की जिंदगी भी संवरी
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के नौ साल के कार्यकाल में जिले में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। केवल सड़कों और बहुमंजिला इमारतों के निर्माण तक विकास कार्य सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज के उस अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया गया जो अक्सर विकास की दौड़ में पीछे छूट जाता है। जिले में 20 हजार से अधिक गरीबों को पक्की छत मिली है, तो 11 लाख से ज्यादा लोगों को आयुष्मान कार्ड के जरिए मुफ्त इलाज की गारंटी दी गई है। वहीं, 46 हजार से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही हैं।
श्रमिकों और अनाथ बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मुरादाबाद में अटल आवासीय विद्यालय मील का पत्थर साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले साल 6 अगस्त को इसका लोकार्पण किया था। कक्षा 6 से 12 तक मुफ़्त शिक्षा, साइंस लैब, स्मार्ट क्लास और निशुल्क हॉस्टल वाले इस विद्यालय में फिलहाल 560 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जिन्हें 27 अध्यापकों की टीम तराश रही है। वहीं, दृष्टि बाधित, मूक-बधिर एवं बौद्धिक दिव्यांगता वाले बच्चों के लिए चारों तहसीलों में सुगम्य पुस्तकालय खोले गए हैं। इसके लिए जिला प्रशासन को वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री पुरस्कार भी मिल चुका है।
गरीबों को पक्की छत और हाथों को मिला काम
जिले में कच्चे मकानों का सपना पक्की छतों में बदल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2016-17 से 2024-25 तक 247.23 करोड़ रुपये खर्च कर 20,603 आवास बनाए गए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 9.84 करोड़ रुपये से 820 आवास पूर्ण हुए हैं। रोजगार की बात करें तो मनरेगा के जरिए 30,33,213 मानव दिवस सृजित कर 85,549 लोगों को रोजगार दिया गया है।
लखपति दीदी और पेंशन से महिलाएं व बुजुर्गों का सशक्तिकरण
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत मुरादाबाद में 12,804 स्वयं सहायता समूहों से 1,40,844 परिवारों को जोड़ा गया है, जिसका नतीजा है कि 46,545 महिलाओं की आय 1 लाख रुपये से अधिक (लखपति दीदी) हो गई है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 2017 से अब तक 15,677 जोड़ों के हाथ पीले कराए गए हैं, जिसमें हाल ही में (4-5 दिसंबर 2025) 1636 जोड़ों का विवाह शामिल है। श्रम विभाग ने भी 13,880 श्रमिक परिवारों की कन्याओं का विवाह कराया है। बुजुर्गों के खातों में सीधे पैसे भेजकर 52,628 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है, जबकि 12,097 नए पेंशनरों को भी स्वीकृति मिल गई है।
अन्य महत्वपूर्ण कार्य :
-472 लाख रुपये की लागत से 10 एकड़ भूमि में अम्बेडकर नेचर पार्क बना है।
-रेहड़ी-पटरी वालों के लिए 8.32 करोड़ रुपये से बन रहे120 वेंडिंग कियोस्क।
--पीतल उद्योग के लिए मुरादाबाद स्मार्ट सिटी ने करियर मित्र वेब पोर्टल बनाया।
