हिंदू नव वर्ष और चैत्र नवरात्रि: भक्ति और संस्कृति का महासंगम, 7001 दीपों की रोशनी में जगमग हुआ लखनऊ का चौक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : हिंदू नव वर्ष और चैत्र नवरात्रि की पूर्व संध्या पर चौक स्थित आनंदी माता मंदिर परिसर में आयोजित भव्य दीपोत्सव ने राजधानी के सांस्कृतिक इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ दिया। शाम जैसे ही ढली, 7001 दीपों की अलौकिक रोशनी से पूरा चौक क्षेत्र जगमगा उठा और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने इसे एक विशाल जनआस्था के उत्सव में बदल दिया।

आनंदी वाटर पार्क के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के विभिन्न मंदिरों से आरती लेकर निकली भव्य शोभायात्रा जैसे ही आनंदी माता मंदिर पहुंची, पूरा वातावरण “जय श्री राम”और भक्ति गीतों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 7001 दीपों का सामूहिक प्रज्वलन रहा, जिसका शुभारंभ पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार एवं मध्य प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। जैसे ही दीप जलाए गए, चौक चौराहा और मंदिर परिसर में सजी दीपमालाओं ने एक दिव्य और मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में प्रस्तुत की गई शिव शक्ति की भव्य झांकी आकर्षण का विशेष केंद्र रही। भस्म आरती में गूंजते मंत्रोच्चार और घंटियों की ध्वनि ने श्रद्धालुओं को गहरी आध्यात्मिक अनुभूति कराई।

लकी ग्रुप द्वारा प्रस्तुत अन्य झांकियों ने भारतीय संस्कृति, देवी-देवताओं और धार्मिक परंपराओं की जीवंत झलक दिखाई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं खाटू श्याम ऑर्केस्ट्रा टीम की भजन संध्या ने पूरे माहौल को भक्तिरस में डुबो दिया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पार्षद अनुराग मिश्रा, कैलाश चंद्र जैन सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री विनोद माहेश्वरी, आनंदी वाटर पार्क के मैनेजिंग डायरेक्टर पंकज अग्रवाल, डॉ राजकुमार वर्मा, आदीश जैन, सिद्धार्थ जैन, लोकेश अग्रवाल, महिला मंडल चौक की रितु माहेश्वरी, एकता अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल पायल घनसनी रितु कपूर, अंजू अग्रवाल, रंजन द्विवेदी ब्राइट कैरियर स्कूल सहित अनेक महिलाओं ने भी आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

ये भी पढ़ें  :
चौक स्थित बड़ी काली जी मंदिर: 2000 वर्ष पुराना इतिहास; आस्था का केंद्र, अनूठी मान्यता

 

संबंधित समाचार