खाद की कोई कमी नहीं! प्रदेश में भरपूर स्टॉक, सहकारिता को 35% यूरिया रैक से आपूर्ति के सख्त निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि प्रदेश भर में किसानों के लिए भरपूत खाद उपलब्ध है। सहकारिता क्षेत्र के लिए निर्देश दिए गए हैं कि यूरिया रैक से 35 फीसदी खाद की आपूर्ति हर हाल में की जाए।
कृषि मंत्री मंगलवार को विधान भवन में खाद की उपलब्धता पर आयोजित समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के सभी 18 मंडलों में खाद का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। मौजूदा समय में राज्य में कुल 11,24,624 मीट्रिक टन यूरिया तथा 9,92,702 मीट्रिक टन डीएपी व एनपीके की उपलब्धता सुनिश्चित की जा चुकी है। उन्होंने प्रमुख सचिव सहकारिता से कहा कि वह आगामी पीक सीजन के दौरान खाद का सुचारू रूप से वितरण करने के लिए सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती करें।
उन्होंने किसानों से कहा कि वह फसलों के लिए वैज्ञानिकों की सलाह पर ही खाद की खरीद करें। अनावश्यक भंडारण न करें, जिससे सभी किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद मिल सके। आने वाले रबी सीजन और आगामी खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के लिए वह लगातार केन्द्र सरकार के संपर्क में हैं।
