लखनऊ में ससुर ने बेटियों संग की दामाद की हत्या, बातचीत के बहाने बुलाकर लाठी-डंडों से पीटा, सभी आरोपी फरार
लखनऊ। लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-आई में दामाद की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय विष्णु यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से प्रतापगढ़ जनपद का निवासी था। बताया जा रहा है कि विष्णु ने करीब चार साल पहले आशियाना निवासी तीर्थ नाथ की पुत्री साक्षी सिंह से प्रेम विवाह किया था। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था और दोनों के रिश्तों में लगातार तनाव बना हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को ससुर तीर्थ नाथ ने विष्णु को बातचीत के लिए अपने घर बुलाया था। घर पहुंचने पर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ससुर, पत्नी और सालियों ने मिलकर विष्णु पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने से विष्णु यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने लकड़ी की चारपाई के पावे से विष्णु यादव पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
