Bareilly : एमटेक फीस घटी, एआई पॉलिसी को मंजूरी, कार्य परिषद बैठक में कई निर्णयों पर मुहर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कार्य परिषद (एक्जीक्यूटिव काउंसिल) की बैठक कुलपति प्रो. केपी सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को विश्वविद्यालय के समिति कक्ष में हुई। जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और शैक्षणिक निर्णयों पर मुहर लगाई गई, जिनका सीधा लाभ विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिलेगा।

बैठक के प्रारंभ में नवनियुक्त सदस्यों घनश्याम खंडेलवाल, प्रो. अजीत सिंह नैन, प्रो. रजनी रंजन सिंह, प्रो. अंजू अग्रवाल, प्रो. हरिकेश सिंह, प्रो. दुष्यंत कुमार एवं प्रो. अनुपम मेहरोत्रा का स्वागत किया गया। पूर्व विधायक एवं प्रो. श्याम बिहारी लाल के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। इसके बाद पूर्व बैठक के निर्णयों का अनुमोदन किया गया। कार्य परिषद ने विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पॉलिसी 2026 को मंजूरी देते हुए इसे एआई के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। 

साथ ही यूजीसी कैटेगरी-1 का दर्जा मिलने के बाद सेंटर ऑफ डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन शुरू करने का निर्णय लिया गया। छात्र हित में अहम फैसला लेते हुए एमटेक की वार्षिक फीस 1 लाख से घटाकर 80 हजार कर दी गई है। वहीं, संगठक कॉलेजों के शिक्षकों के वेतन में 5 प्रतिशत वृद्धि को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में 10 गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की पदोन्नति, दो शिक्षकों एवं सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष को करियर एडवांसमेंट स्कीम के तहत प्रोन्नति पर भी मुहर लगी। इसके अलावा 13 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि प्रदान करने और यूजीसी के नए नियमों के तहत शोध प्रबंध जमा करने की प्रक्रिया को मंजूरी दी गई।

कुलसचिव हरीश चंद, वित्त अधिकारी विनोद कुमार, प्रो. विजय बहादुर सिंह यादव, प्रो. उपेंद्र कुमार, प्रो. विनय कुमार, प्रो. विनय ऋषिवाल, प्रो. हरिकेश सिंह, डॉ. संजीव कुमार सक्सेना, डॉ. रामकेवल, डॉ. विमल कुमार, डॉ. सौरभ वर्मा, डॉ. आशीष जैन आदि मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार