प्रयागराज के मांडा में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत, उपभोक्ता परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के मांडा क्षेत्र में इन दिनों गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। भारतगंज स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर बुधवार को सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं, लेकिन कई घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाए।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि वे पिछले एक सप्ताह से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। मांडा के भारतगंज निवासी अनीश आलम, फैजान अहमद, अफरोज, आनंद यादव और हमीद अंसारी सहित कई उपभोक्ताओं ने बताया कि सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है।

उपभोक्ताओं के अनुसार, एजेंसी कर्मचारी अक्सर सिलेंडर खत्म होने का हवाला देकर ताला लगाकर चले जाते हैं। उपभोक्ता सुबह से शाम तक इंतजार कर निराश होकर लौट जाते हैं। बुधवार को एजेंसी खुलने का समय सुबह 10 बजे था, लेकिन सुबह 8 बजे से ही भारी भीड़ कतार में खड़ी थी, जो गैस सिलेंडर की गंभीर कमी को दर्शाती है।

कुछ उपभोक्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारी अपने जान-पहचान वालों को मनमानी तरीके से सिलेंडर दे रहे हैं। विरोध करने पर वे गैस सिलेंडर खत्म होने की बात कहकर एजेंसी बंद कर देते हैं। गैस सिलेंडर के अभाव में क्षेत्र की जनता को भोजन बनाने के लिए लकड़ी और उपलों का सहारा लेना पड़ रहा है।

यह स्थिति उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी समस्या बन गई है। योगी सरकार और जिलाधिकारी भले ही पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर की उपलब्धता का दावा करते हों, लेकिन मांडा क्षेत्र की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। क्षेत्रीय जनता गैस सिलेंडर की कमी से जूझ रही है।

संबंधित समाचार