योगी सरकार के 9 साल : मंत्री योगेंद्र उपाध्याय बोले- सुशासन, सुरक्षा और विकास का मॉडल बना यूपी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं कानपुर के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में सुशासन, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास का नया मानक स्थापित किया है।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में 'उत्तर प्रदेश नवनिर्माण के नौ वर्ष' पूर्ण होने पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह कालखंड प्रदेश के लिए "उत्कर्ष के वर्ष" रहा है, जिसमें गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आया है।

उन्होंने कहा कि 'शून्य सहनशीलता नीति' के तहत कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और डकैती, लूट, हत्या व अपहरण जैसे अपराधों में कमी आई है। संगठित अपराध और माफिया तंत्र पर कड़ी कार्रवाई कर अवैध संपत्तियों की जब्ती की गई, जिससे प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है। पुलिसिंग व्यवस्था को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करते हुए साइबर क्राइम थानों की स्थापना, विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं का विस्तार और बड़े पैमाने पर भर्ती की गई है।

महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, हेल्पलाइन सेवाएं और महिला बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाया गया है। आर्थिक विकास पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम केंद्र बनकर उभरा है और प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, हवाई अड्डों का विस्तार, रक्षा औद्योगिक गलियारा और डिजिटल कनेक्टिविटी ने प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाया है।

कृषि क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ने और गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान सुनिश्चित होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को सीधी आर्थिक सहायता दी जा रही है। कानपुर नगर के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक लगभग 1503.89 करोड़ रुपये की लागत से 252 विकास परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत योजना के तहत आवास, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। जनधन, उज्ज्वला और स्वनिधि योजनाओं से वित्तीय समावेशन को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना के क्षेत्र में कानपुर मेट्रो, रिंग रोड, तापीय विद्युत परियोजनाएं और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकसित सुविधाएं शहर को आधुनिक स्वरूप दे रही हैं।

साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और शहरी सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इस अवसर पर महापौर प्रमिला पाण्डेय, विधायक महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, सरोज कुरील, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, उपेन्द्र पासवान, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार