कानपुर प्रशासन की सख्त कार्रवाई : चारागाह भूमि को कराया कब्जा मुक्त

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर के सदर तहसील अंतर्गत ग्राम पतरसा में ग्राम सभा की चारागाह भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए लगभग 750 वर्ग गज जमीन कब्जामुक्त करा दी। 

राजस्व अभिलेखों के अनुसार गाटा संख्या 208 एवं 210 चारागाह के रूप में दर्ज हैं, जिनके एक हिस्से पर तीन व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर पक्की बाउंड्री बना ली गई थी और वहीं मौरंग-गिट्टी की दुकान संचालित की जा रही थी। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।

इस दौरान अवैध रूप से निर्मित सीमेंट की बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया गया और वहां संचालित दुकान को भी हटवा दिया गया। कब्जा मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। कार्रवाई के बाद भूमि को पुनः ग्राम सभा के नियंत्रण में सौंप दिया गया। 

एसडीएम अनुभव सिंह ने बताया कि चारागाह के रूप में दर्ज भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे हटाकर जमीन को ग्राम सभा के कब्जे में वापस दिलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी एवं ग्राम सभा की जमीनों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।  

संबंधित समाचार