लखनऊ बनेगा स्मार्ट: भूमिगत पार्किंग, स्मार्ट रोड योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की निदेशक मंडल की 26वीं बैठक बुधवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी कार्यालय के द्वितीय तल स्थित मीटिंग हॉल में आयोजित की गई। जिसमें शहर में चल रहीं विभिन्न विकास परियोजनाओं मल्टीलेवल भूमिगत पार्किंग, लाइट हाउस परियोजना, स्मार्ट रोड और स्कूलों के नवीनीकरण आदि कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की बैलेंस शीट भी रखी गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक परियोजना पद पर एससी सिंह की नियुक्ति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, वित्त नियंत्रक लखनऊ विकास प्राधिकरण दीपक सिंह, महाप्रबन्धक परियोजना एससी सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कैसरबाग-घंटाघर क्षेत्र में बिजली लाइनें होंगी भूमिगत
कैसरबाग और घंटाघर क्षेत्र के आस-पास सड़कों पर करीब 50 मीटर तक बिजली के तार भूमिगत करने के कार्य की समीक्षा की गई। संबंधित कार्यदायी संस्था लेसा के अधिकारियों को कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
