शामली में सनसनीखेज वारदात : विवाद के बाद 12वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुजफ्फरनगर। शामली जिले के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गोहेरपुर गांव में मामूली विवाद को लेकर तीन हमलावरों ने बारहवीं कक्षा के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनपी सिंह ने यहां पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। छात्र के पिता सुनील कुमार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार उनका बेटा अभि (22) बुधवार रात को अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल कुछ अन्य लोगों से टकरा गई। इस बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि तीन बदमाशों ने अभि पर गोलियां चला दीं। 

पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में अभि को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।  

संबंधित समाचार