मंत्री एके शर्मा बोले- मऊ में अमूल डेयरी की स्थापना की अपार संभावना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास व ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि स्थानीय सहयोग मिलने पर मऊ में अमूल डेयरी की स्थापना की अपार संभावना है और जिले में सहकारी समितियों को सुदृढ़ करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मंत्री शर्मा ने यहां एक सहकारी समिति के अधिवेशन को संबोधित करते हुये कहा कि यदि स्थानीय लोग एकजुट होकर प्रयास करें तो बनारस की तर्ज पर मऊ में भी अमूल-बनास डेयरी की स्थापना जल्द संभव है। उन्होंने सहकारिता आंदोलन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए इसकी महत्ता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा दी है। गुजरात के आनंद स्थित बनास अमूल डेयरी का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि सहकारिता के माध्यम से क्षेत्र को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है। मंत्री ने कहा कि पूर्वांचल में भी बनास डेयरी स्थापित करने के प्रयास जारी हैं, जिससे किसानों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

घोसी चीनी मिल के संबंध में उन्होंने कहा कि इसके आधुनिकीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इसके लिए मुख्यमंत्री से फंड की मांग की गई है, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कुछ लोगों पर विकास कार्यों में बाधा डालने की कोशिश का आरोप लगाते हुए जनता से ऐसी राजनीति से दूर रहने की अपील की और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मऊ का सहकारी बैंक, जो पहले घाटे में था, अब लाभ में आ गया है और चालू वित्तीय वर्ष में करीब 50 लाख रुपये के लाभ की संभावना है। उन्होंने बताया कि जनपद में 75 हजार से अधिक सहकारिता सदस्य हैं और न्याय पंचायत स्तर तक समितियां सक्रिय हैं। 

संबंधित समाचार