स्टडी से लेकर ट्रैवल तक : अपनाएं ये स्मार्ट कोर्स
12 वीं के बाद करियर चुनना केवल पारंपरिक ग्रेजुएशन तक सीमित नहीं रह गया है। आज के समय में कई ऐसे प्रोफेशनल और डिप्लोमा कोर्स मौजूद हैं, जो न सिर्फ बेहतर करियर के अवसर देते हैं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का रास्ता भी खोलते हैं। इन कोर्स के जरिए छात्रों को विदेश में ट्रेनिंग, सेमिनार, प्रोजेक्ट और यहां तक कि नौकरी के मौके भी मिल सकते हैं। यदि आप पढ़ाई के साथ-साथ दुनिया घूमने का सपना देखते हैं, तो सही कोर्स का चुनाव आपके भविष्य को नई दिशा दे सकता है। आइए जानते हैं ऐसे पांच प्रमुख कोर्स के बारे में, जो आपको वैश्विक मंच तक पहुंचा सकते हैं। - ज्ञानेंद्र कुमार दीक्षित, असिस्टेंट प्रोफेसर, बीबीडी यूनिवर्सिटी, लखनऊ
एमबीए इन इंटरनेशनल रिलेशन
आज के दौर में एमबीए इन इंटरनेशनल रिलेशन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह कोर्स उन छात्रों के लिए उपयुक्त है, जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक व्यापार और कूटनीति में रुचि है। इसमें देशों के आपसी संबंध, अंतर्राष्ट्रीय संगठन, विदेशी नीतियां और वैश्विक अर्थव्यवस्था जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं। इस कोर्स की खासियत यह है कि पढ़ाई के दौरान छात्रों को इंटरनेशनल सेमिनार, एक्सचेंज प्रोग्राम और रिसर्च प्रोजेक्ट में भाग लेने का अवसर मिल सकता है। भारत में जवाहरलाल नेहरू विश्वविघालय,जाधवपुर विश्वविघालय जैसे संस्थान इस क्षेत्र में बेहतरीन शिक्षा प्रदान करते हैं।
डिप्लोमा इन इंटरनेशनल रिलेशन
यदि कोई छात्र जल्दी इस क्षेत्र में प्रवेश करना चाहता है, तो डिप्लोमा इन इंटरनेशनल रिलेशन एक अच्छा विकल्प है। यह कोर्स सामान्यतः 1 से 2 वर्ष का होता है और इसमें वैश्विक राजनीति, अंतरराष्ट्रीय कानून और कूटनीति की बुनियादी जानकारी दी जाती है।
ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट
अगर आपको घूमना-फिरना पसंद है और नई संस्कृतियों को जानने का शौक है, तो ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इस कोर्स में टूर प्लानिंग, एयरलाइन ऑपरेशन, होटल मैनेजमेंट और इंटरनेशनल टूरिज्म जैसे विषय शामिल होते हैं। इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को अक्सर विदेश यात्रा करनी पड़ती है, क्योंकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेज तैयार करने, क्लाइंट्स से मिलने और विभिन्न देशों में सेवाएं समन्वित करने का काम करना होता है। कई कंपनियां अपने कर्मचारियों को विदेश में ट्रेनिंग और बिजनेस ट्रिप के लिए भी भेजती हैं, जिससे अनुभव और आय दोनों बढ़ते हैं।
फॉरेन ट्रेड एंड इंटरनेशनल बिजनेस
ग्लोबलाइजेशन के दौर में Foreign Trade और International Business से जुड़े कोर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस कोर्स में इंपोर्ट-एक्सपोर्ट, अंतरराष्ट्रीय बाजार, फाइनेंस और ट्रेड पॉलिसी की जानकारी दी जाती है। इस क्षेत्र में कार्यरत प्रोफेशनल्स को ट्रेड फेयर, बिजनेस मीटिंग और मार्केट रिसर्च के लिए विदेश जाना पड़ सकता है। भारत में Indian Institute of Foreign Trade (IIFT) इस क्षेत्र का प्रमुख संस्थान है। यहां से पढ़ाई करने के बाद छात्रों को बेहतरीन प्लेसमेंट मिलते हैं और सैलरी पैकेज भी आकर्षक होता है।
UPSC के जरिए इंडियन फॉरेन सर्विसेस
अगर आप सरकारी सेवा के माध्यम से विदेश में काम करना चाहते हैं, तो Union Public Service Commission (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के जरिए Indian Foreign Service (IFS) में शामिल हो सकते हैं। यह भारत की सबसे प्रतिष्ठित सेवाओं में से एक है। IFS अधिकारी भारत का प्रतिनिधित्व विदेशों में करते हैं और उन्हें विभिन्न देशों में दूतावासों में नियुक्त किया जाता है। हालांकि, इसमें चयन के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा और उच्च रैंक आवश्यक होती है, लेकिन यह करियर सम्मान, अनुभव और अंतर्राष्ट्रीय exposure का अनूठा अवसर प्रदान करता है।
