बुलडोजर का भय : सरकारी जमीन पर बनी इमारतें तोड़ने लगे ग्रामीण, राजस्व प्रशासन ने दी थी कार्रवाई की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ओबरी/संभल, अमृत विचार : असमोली थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर बंद में सरकारी भूमि पर बने मदरसा और मस्जिद को लेकर प्रशासन की प्रस्तावित कार्रवाई से पहले ही मुस्लिमों ने खुद निर्माण हटाने का काम शुरु कर दिया है। गुरुवार सुबह मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिद के दरवाजे, ईंटें, हैंडपंप समेत अन्य सामान निकालना शुरू कर दिया।

ग्राम प्रधान पति मुनव्वर हुसैन उर्फ बब्बू हाजी ने बताया कि कुछ दिन पहले हल्का लेखपाल द्वारा सूचना दी गई थी कि गांव में सरकारी भूमि पर ग्रामीणों द्वारा मदरसा, मस्जिद और एक मकान का निर्माण किया गया था। प्रशासन की ओर से 28 मार्च को पैमाइश होने के बाद अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जायेगी।

प्रशासन की इस सूचना के बाद बुधवार रात मुबारकपुर बंद गांव में बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई के हालात पर चर्चा करते हुए आपसी सहमति से निर्माण को स्वयं हटाने का निर्णय लिया गया, ताकि टकराव की स्थिति न बने। इसी निर्णय के तहत गुरुवार सुबह से ही मस्जिद से जुड़े लोग निर्माण व सामान हटाने लगे।

ग्रामीणों द्वारा मस्जिद में लगे लोहे के दरवाजे, खिड़कियां, हैंडपंप, ईंटें और अन्य सामान सावधानी पूर्वक निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। कुछ लोग मस्जिद की दीवारों से ईंटें उतारते नजर आए। जमीन को पूरी तरह खाली कराने की प्रक्रिया जारी है।

ग्रामीणों ने बताया कि गोसुल उलूम के नाम से मदरसा करीब 30 वर्ष पहले बनाकर यहां संचालित किया जा रहा था। उसके समीप ही मस्जिद का भी निर्माण किया गया था। मस्जिद को स्थानीय लोग मदरसे वाली मस्जिद के नाम से जानते हैं। अब प्रशासनिक कार्रवाई से पहले ही दोनों निर्माणों को हटाया जा रहा है।

संबंधित समाचार