भविष्य की तकनीक से जुड़ेगें स्कूली बच्चे: प्रोजेक्ट प्रवीण’ में एआई की एंट्री, दो लाख छात्रों को मिलेगा प्रशिक्षण
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में स्कूली शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। योगी सरकार ने ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को शामिल करते हुए कक्षा 9 से 12 तक के वोकेशनल प्रशिक्षण में ‘एआई फॉर ऑल’ कोर्स अनिवार्य कर दिया है। यह व्यवस्था आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू होगी।
राज्य के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग की इस पहल के तहत 1200 से अधिक सरकारी व सहायता प्राप्त विद्यालयों के करीब दो लाख छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। अब तक 210 घंटे के इस निःशुल्क कौशल कार्यक्रम में आईटी, हेल्थकेयर, ब्यूटी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाता था, जिसमें अब 4 घंटे का एआई कोर्स भी जोड़ा गया है।
इस कोर्स के माध्यम से छात्रों को समस्या समाधान, रचनात्मक सोच, डेटा विश्लेषण और डिजिटल दक्षता जैसे आधुनिक कौशल सिखाए जाएंगे। साथ ही आईटी कस्टमर केयर, टेलरिंग, हेल्थकेयर और डिजिटल मित्र जैसे जॉब रोल्स के लिए एआई के कस्टमाइज्ड मॉड्यूल भी तैयार किए गए हैं, जिससे छात्र अपने क्षेत्र में इसके व्यावहारिक उपयोग को समझ सकें। गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षकों के लिए भी ‘एआई फॉर ऑल’ कोर्स पूरा करना अनिवार्य किया गया है। 28 मार्च को इस संबंध में एक ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को तकनीकी जानकारी देंगे।
