बरेली : कुट्टू के आटे की कचौड़ी खाने से परिवार बीमार, दुकान सील

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

नवरात्र के पहले दिन परिवार ने उपवास के बाद शाम को खोला था व्रत, महिलाओं-बच्चों समेत लोग हुए बीमार

बरेली, अमृत विचार। नवरात्र में एक तरफ लोग माता के उपवास रख अपनी आस्था के हिसाब से भजन और भोजन करते है। वहीं दूसरी ओर मिलावटखोर इसमें भी मुनाफाखोरी से बाज नहीं आ रहे हैं। कुट्टू का खराब आटा बेच रहे हैं। उपवास खोलने के बाद कुट्टू के आटे की कचौड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के छह लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए। पीड़ित दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकान में जांच करने के बाद दो सैंपल भरकर उसे सील कर दिया है।

सुभाषनगर के गंगानगर कॉलोनी निवासी भगवान दास निजी काम करते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को परिवार के सभी सदस्यों ने नवरात्र का पहला उपवास रखा था। उपवास खोलने के लिए वह पास की दुकान से कुट्टू का आटा खरीदकर लाए थे। इसके बाद उसकी कचौड़ी बनाई गई और बड़ों के साथ परिवार के बच्चों ने भी उसे खाया। खाना खाने के थोड़ी देर बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और वह लोग उल्टी करने लगे। इसके बाद परिवार के छह के छह लोग पेट दर्द और बदहजमी महसूस करने लगे। इस पर भगवान दास पत्नी अखिलेश, बेटा हिमांशु, वीर, बेटी अनुष्का और भतीजे सुखदीप को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां अधिक तबीयत खराब होने पर वीर को बच्चा वार्ड में भर्ती कराया गया है।

मिलावटखोरी पर उठे सवाल
नवरात्र जैसे धार्मिक अवसर पर इस तरह की घटना ने खाद्य सुरक्षा विभाग को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। साल में दो बार आने वाले नवरात्रों में जिले के कई परिवार मिलावटी और खराब कुट्टू का आटा खाने से बीमार पड़ कर अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन खराब आटा बेचने वालों पर कोई भी कार्रवाई नहीं होती है।

खुद की पैकिंग की करते हैं बात
यूं तो बाजार में कई ब्रांड का कुट्टू और सिंघाड़े का आटा उपलब्ध है, लेकिन मुनाफे के लिए कुछ दुकानदार कुट्टू खरीदकर उसे पिसवाकर खुले बाजार में बेचते हैं, जबकि यह आटा एक तय समय में खराब हो जाता है। इसके लिए संबंधी विभाग कोई चेकिंग अभियान नहीं चलाता है।

बिना पंजीकरण के संचालित थी दुकान, कुट्टू आटे के दो सैंपल भरे
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी इन्द्रजीत सिंह को तत्काल सुभाषनगर क्षेत्र में गंगानगर कालोनी निकट शिव मंदिर के पास स्थित प्रेमपाल किराना स्टोर पर जांच करने के लिए भेजा। अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान दुकान बिना खाद्य पंजीकरण के मिली। बिना लाइसेंस के खाद्य कारोबार किया जा रहा था। वहां कुट्टू के आटे के 250 ग्राम के दो पैकेट मिले। पूछने पर व्यापारी प्रेमपाल ने बताया कि नवरात्र पर्व पर कुट्टू का आटा बिक्री को लाये थे, उनमें से शेष दो पैकेट बचे हैं। पैकेट खोलकर नमूना संग्रहित किया। बिना पंजीकरण खाद्य कारोबार करने पर अपर जिलाधिकारी (नगर)/न्याय निर्णयन अधिकारी के यहां वाद दायर किया जायेगा। दुकान को अग्रिम आदेशों तक सील करा दिया है।

संबंधित समाचार