Bareilly : ईद की नमाज के बाद देश दुनिया में शांति की दुआ...गले मिलकर एक दूसरे को दी मुबारकबाद

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर भर में ईद उल फितर के त्योहार का जश्न रहा। सुबह से ही तमाम मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद देश और दुनिया में अमन के लिए दुआ को हाथ उठे। 

ईद के मुबारक मौके पर शनिवार को सुबह से ही बच्चों और बड़ों ने नए-नए कपड़े पहनकर मस्जिदों और ईदगाह का रुख किया। रमजान के पूरे महीने इबादत कर ईद की खुशियां मनाई। ईद की नमाज अदा कर एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। मस्जिदों में इमामों ने मिल्लत की खुशहाली के साथ मुल्क-ए-हिंदुस्तान की तरक्की और मस्जिदें अक्सा व फिलिस्तीन के मुसलमानो के लिए खुसूसी दुआ की। शहर में मुख्य नमाज़ बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 10.30 बजे काजी ए हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रज़ा क़ादरी (असजद मिया) ने अदा करायी। इस मौके पर जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने भी सबको गले मिलकर मुबारकबाद दी। यहां की व्यवस्था ईदगाह कमेटी के खलील अहमद, हबीब हुसैन, महताब अली, शादाब हुसैन, महबूब अंसारी, आमिर खान आदि ने संभाली। लोगो ने नमाज़ अदा कर कब्रिस्तान जाकर अपने पुरखों के लिए फातिहा पढ़कर ईसाले सवाब किया। इसके बाद दावतों का दौर चला। बड़ो ने बच्चों को ईदी दी। सबसे पहले बाजार सन्दल खान स्थित दरगाह वली मियां में नमाज अदा की गई। इसके बाद दरगाह ताजुशशरिया, दरगाह शाह शराफत मिया,दरगाह बशीर मियां, ख़ानक़ाह-ए-वामिकिया, ख़ानक़ाह-ए-नियाज़िया,दरगाह शाहदाना वली, दरगाह रफीक-उल-औलिया,जामा मस्जिद,दरगाह नासिर मियां(नौमहला मस्जिद),मस्जिद बीबी जी,पीराशाह मस्जिद,हबिबिया मस्जिद,नूरानी मस्जिद,कचहरी वाली मस्जिद,मसीत उल्लाह हरी मस्जिद,मुफ्ती आजम हिंद मस्जिद आदि मस्जिदों ने नमाज अदा की गई। दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि  सबसे आखिर में सुबह 11 बजे दरगाह आला हज़रत की रज़ा मस्जिद में मुफ्ती ज़हीम रज़ा ने नमाज़ अदा करा कर खुत्बा पढ़ा। इसके बाद अल्लामा तौसीफ मियां ने ख़ुसूसी दुआ की। यहां दरगाह प्रमुख सुब्हानी मिया,सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन मियां, हज़रत मन्नानी मियां समेत आला हज़रत के परिवार ने नमाज़ अदा की। दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां व मुफ़्ती अहसन मियां ने सभी को मुबारकबाद पेश की।

संबंधित समाचार