बरेली : प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता की तैयारियां तेज, स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में स्थित तरणतालों की सफाई व मरम्मत जारी
बरेली, अमृत विचार : स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित तरणताल में प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन से पहले दोनों तरणतालों की साफ-सफाई के साथ मरम्मत कार्य भी चल रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। तैयारियों के तहत दोनों तरणताल की सफाई की जा रही है। सफाई के दौरान तरणताल के अंदर जमा गंदगी को पानी से धुलाई कर निकाला जा रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को बालक वर्ग तथा 5 और 6 अप्रैल को बालिका वर्ग की तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से तैराक बरेली आएंगे। स्टेडियम प्रशासन प्रतियोगिता को सफल बनान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने में लगा हुआ है। खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
तैराकी कोच सुमित चौरसिया ने बताया कि 1 अप्रैल को तरणताल का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर तैयारियों के साथ यह प्रतियोगिता शहर के लिए एक सफल और यादगार आयोजन साबित होगी।
तरणताल की दीवारों की टाइल्स उखड़ी
स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तरणताल में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, तरणताल की दीवारों की टाइल्स कई जगह से उखड़ी हुई। साथ ही फर्श की टाइल्स को भी मरम्मत की आवश्यकता है। कोच ने बताया कि टाइल्स की मरम्मतजल्द पूरी कर ली जाएगी। सफाई के दौरान जहां-जहां टाइल्स उखड़ी मिली वहां सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। जल गुणवत्ता, सुरक्षा और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
