बाराबंकी : खाद्य विभाग ने छापामारी कर भरे चार नमूने
बाराबंकी, अमृत विचार। नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डा. शैलेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में सघन छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुट्टू आटा, सिंघाड़ा आटा, साबूदाना, मखाना आदि की जांच की गई।
विभिन्न क्षेत्रों से कुल 4 नमूने एकत्र किए गए और 12 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। साथ ही पैकेट बंद फलाहारी खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट व निर्माता संबंधी विवरण जांचने के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।
जांच के दौरान सुधीर किराना स्टोर गल्ला मंडी से साबूदाना, जनता किराना स्टोर हरख से कुट्टू का आटा, सागर फैमिली मार्ट अयोध्या रोड से किशमिश तथा सुशील किराना स्टोर गल्ला मंडी से हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पाण्डेय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, भगौती प्रसाद, पल्लवी तिवारी, डा. अंकिता यादव और सलिल सिंह शामिल रहे।
