नेपाल : पुलिस ने पूर्व ऊर्जा मंत्री दीपक खड्का को किया गिरफ्तार
काठमांडू : नेपाल पुलिस ने पूर्व ऊर्जा मंत्री और नेपाली कांग्रेस के नेता दीपक खड्का को धन शोधन के मामले में रविवार को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय मीडिया में आयी खबरों में इसकी जानकारी दी गयी है।
'द हिमालयन' ने नेपाल पुलिस के केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो (सीआईबी) के प्रवक्ता शिव कुमार श्रेष्ठ के हवाले से बताया कि सीआईबी ने रविवार सुबह खड्का को हिरासत में ले लिया। 'काठमांडू पोस्ट' की खबर के अनुसार, धन शोधन जांच विभाग से अनुरोध प्राप्त होने के बाद पुलिस ने खड्का को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
खबर में कहा गया है कि पिछले साल जनरेशन जेड के विरोध प्रदर्शन के दौरान ऐसी तस्वीरें और वीडियो सामने आए जिसमें खड्का और पूर्व प्रधानमंत्रियों शेर बहादुर देउबा एवं पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' के आवास पर जले हुए नोटों के टुकड़े दिख रहे थे। बाद में फोरेंसिक प्रयोगशाला परीक्षणों के माध्यम से इन निष्कर्षों की पुष्टि की गई।
खबर के अनुसार, ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान खड्का पर परियोजनाओं के लिए लाइसेंस एवं अनुबंध दिलाने में सुविधा प्रदान करने के बदले वित्तीय लाभ प्राप्त करने का आरोप लगाया गया था। यह गिरफ्तारी पूर्व प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है जिन पर पिछले साल आठ और नौ सितंबर को हुए 'जेनरेशन जेड' के आंदोलन को दबाने में शामिल होने का आरोप है। इस आंदोलन में लगभग 24 प्रदर्शनकारी सहित 76 लोग मारे गए थे।
यह भी पढ़ें : ‘नरक में स्वागत’: ईरानी मीडिया की अमेरिकी सैनिकों को खुली धमकी, ताबूत में लौटने की चेतावनी
