वाराणसी : विमान लैंडिंग के समय युवक ने दरवाजा खोलने का किया प्रयास, पुलिस ने लिया हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार रात बेंगलुरु से आ रही इंडिगो विमान का दरवाजा एक युवक द्वारा खोलने का प्रयास किया गया। क्रू मेंबर्स ने तत्काल उसे रोक लिया। पायलट ने इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को दी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा युवक से पूछताछ के बाद उसे फूलपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।

आरोपी युवक मोहम्मद अदनान मऊ जिले का रहने वाला है। इंडिगो की फ्लाइट 6ई-185 बेंगलुरु से रात्रि 8 बजे उड़ी थी। बताया जा रहा है कि अदनान ने सफर शुरू होते ही एक बार दरवाजा खोलने का प्रयास किया था। क्रू मेंबर्स ने उसे समझा-बुझाकर बैठा दिया था। विमान के वाराणसी पहुंचने और लैंडिंग की सूचना मिलते ही अदनान एक बार फिर सीट से उठकर गेट के पास पहुंच गया। क्रू मेंबर्स ने उसे पुनः रोककर बैठा दिया। 

फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अदनान पहली बार हवाई सफर कर रहा था। शायद इसी वजह से वह थोड़ा घबराया हुआ था। इंडिगो प्रबंधन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार