पलक्कड़ की जनसभा में गरजे पीएम मोदी : विपक्षी दलों पर बोला तीखा हमला, कहा- हम केरल में बनाएंगे अगली सरकार
पलक्कड़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूडीएफ और एलडीएफ दोनों पर निशाना साधते हुए उन पर ''दशकों तक भ्रष्टाचार करने और राजनीतिक अवसरवादिता में लिप्त होने'' का रविवार को आरोप लगाया। मोदी ने यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ''दशकों से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने मिलकर केरल को लूटा है... इस व्यवस्था में हमारा केरल फंसा रहा है।''
पीएम मोदी ने कहा, ''कांग्रेस और वामपंथी दल एक-दूसरे पर झूठे आरोप लगाते हैं... आपको दोनों से सावधान रहना चाहिए।'' उन्होंने दावा किया कि केरल ''बदलाव का संदेश भेज रहा है'', जिसमें युवाओं, महिलाओं और किसानों के बीच भाजपा के लिए समर्थन बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन केरल में अगली सरकार बनायेगा। मोदी ने कहा, ''केरल में 'टीम भाजपा' और 'टीम राजग' मिलकर सरकार बनायेंगे। केरल की जनता के आशीर्वाद और आपके सहयोग से हम यहां सरकार बनाएंगे और केरल की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।''
उन्होंने केंद्रीय निधियों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाते हुए कहा, ''यह पैसा आपका था, लेकिन उन्होंने इसे लूट लिया है।'' उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि दोनों मोर्चे भाजपा के उदय से भयभीत हैं और कहा कि उनके ''गलत काम उजागर हो जाएंगे।'' विकास का वादा करते हुए मोदी ने कहा कि राजग सरकार लूटे गए धन को वापस लाएगी और केरल में विकास को गति देगी।
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने पलक्कड़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पलक्कड़ को केरल का प्रवेश द्वार कहा जाता है और यहां की हरियाली, परंपराएं और मेहनतकश लोग इसे विशेष बनाते हैं। उन्होंने कल्पथी मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी तुलना अक्सर काशी से की जाती है और काशी से सांसद होने के नाते यह उनके लिए विशेष महत्व रखता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने केरल की सामाजिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नमन किया। उन्होंने श्री नारायण गुरु, चट्टम्पी स्वामीकल, मन्नथु पद्मनाभन, महात्मा अय्यंकाली और संत कुरियाकोस एलियास चावरा जैसे महान संतों और समाज सुधारकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों ने केरल की सामाजिक चेतना को दिशा दी है।
