यूपी में कल से शुरू होगी गेहूं की खरीद, स्थापित किए गए हैं 3574 क्रय केंद्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत उत्तर प्रदेश में गेहूं खरीद सोमवार यानी 30 मार्च से शुरू होगी। गेंहू खरीद की प्रक्रिया इस बार 15 जून तक चलेगी। इस बार प्रदेश में खरीद शुरू होने से पहले ही 2.24 लाख से अधिक किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। प्रदेश में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अब तक 3574 क्रय केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि कुल 6500 केंद्रों पर खरीद की व्यवस्था की जाएगी। ये केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि सभी केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सरकार ने इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति कुंतल तय किया है, जो पिछले वर्ष से 160 रुपये अधिक है। साथ ही, किसानों को उतराई, छनाई और सफाई के लिए 20 रुपये प्रति कुंतल अतिरिक्त दिए जाएंगे जबकि खाद्य एवं रसद विभाग ने पहले 30 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा था, लेकिन मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसे बढ़ाकर 50 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है। 

किसानों को उनकी उपज का भुगतान डीबीटी के माध्यम से 48 घंटे के भीतर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो सके। जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे एफसीएस डॉट यूपी डॉट जीओवी डॉट इन या यूपी किसान मित्र ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। किसी भी समस्या के समाधान के लिए टोल-फ्री नंबर 18001800150 जारी किया गया है। 

संबंधित समाचार