सुलतानपुर प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, शूटर समेत दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश की सुलतानपुर पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर माता प्रसाद पांडेय की हत्या मामले में मुख्य शूटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आज यहां बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र शर्मा और प्रवीण कुमार सिंह उर्फ राहुल सिंह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि प्रवीण कुमार सिंह उर्फ राहुल सिंह इस सनसनीखेज हत्याकांड का मास्टरमाइंड है, जिसने पूरी साजिश रची थी। 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और पल्सर बाइक बरामद की है। मृतक माता प्रसाद पांडेय प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े थे और उनका क्षेत्र में प्रभाव था। प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण जमीन को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बुधवार रात इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही कुड़वार थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। 

पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इस मामले में पहले भी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया है। 

संबंधित समाचार