पांच लाख की आबादी को मिलेगी बड़ी राहत..., फैजुल्लागंज 50 बेड अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में, जल्द होगा हैंडओवर
लखनऊ, अमृत विचार : फैजुल्लागंज क्षेत्र की करीब पांच लाख आबादी को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। इलाके में मरीजों के भर्ती इलाज के लिए सरकारी अस्पताल की सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक यहां के लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या जिला अस्पताल का रुख करना पड़ता था।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से अस्पताल भवन का निर्माण कराया गया है। हालांकि बिल्डिंग का हैंडओवर इस माह पूरा होना था, लेकिन कार्यदायी संस्था ने अंतिम चरण के कार्य पूरे करने के लिए विभाग से एक माह का अतिरिक्त समय मांगा है। अब उम्मीद है कि अप्रैल के दूसरे या तीसरे सप्ताह तक भवन हैंडओवर कर दिया जाएगा।
फैजुल्लागंज इलाके में अभी तक कोई ऐसा सरकारी अस्पताल नहीं था, जहां मरीजों को भर्ती किया जा सके। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तो मौजूद हैं, लेकिन गंभीर मरीजों को उनसे पर्याप्त राहत नहीं मिल पा रही थी।
डॉ. नीरज बोरा ने इस समस्या को देखते हुए दाऊदनगर में 100 बेड के अस्पताल की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा था। इसके लिए करीब दो एकड़ से अधिक जमीन भी उपलब्ध कराई गई। शासन स्तर पर प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद 50 बेड के अस्पताल के निर्माण को मंजूरी दी गई।
करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल का निर्माण वर्ष 2024 में शुरू हुआ था। 31 मार्च तक भवन हैंडओवर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है।
सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के अनुसार, अस्पताल के संचालन के लिए डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की तैनाती का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी और इसी वर्ष अस्पताल शुरू होने की संभावना है।
अस्पताल के शुरू होने से फैजुल्लागंज समेत आसपास के इलाकों के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
