कानपुर : आईआईटी कानपुर में प्रदर्शित किए जाएंगे 150 स्टार्टअप, 20 मार्च से होगा अभिव्यक्ति का आयोजन
कानपुर, अमृत विचार। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर 20 व 21 मार्च को अभिव्यक्ति का आयोजन करेगा। यह प्रमुख स्टार्टअप शोकेस स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देशभर से 150 से अधिक नवाचारी स्टार्टअप के साथ निवेशक, मेंटर्स, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के अग्रणी लोग शामिल होंगे।
‘उन्नत शोध से वैश्विक समाधान तक’ थीम पर आधारित यह दो दिवसीय कार्यक्रम प्रयोगशालाओं में विकसित अनुसंधान आधारित नवाचारों को मार्केट तक पहुंचाने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से स्टार्टअप्स, वेंचर कैपिटलिस्ट्स, उद्योग जगत, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। यह कार्यक्रम उभरते स्टार्टअप्स को निवेशकों से जुड़ने, रणनीतिक साझेदारियां तलाशने और उद्योग जगत के बीच अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करता है।
अभिव्यक्ति में स्टार्टअप प्रदर्शनी, विषयगत पैनल चर्चाएं, संस्थापकों के साथ संवाद, निवेशकों के साथ सहभागिता और नेटवर्किंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से स्टार्टअप्स को अपनी तकनीकों को प्रदर्शित करने और नवाचार इकोसिस्टम के प्रमुख हितधारकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। दो दिवसीय कार्यक्रम पर एसआईआईसी आईआईटी कानपुर के सीईओ डॉ. आशुतोष अग्निहोत्री ने बताया कि अभिव्यक्ति नवाचार और उद्यमिता की उस भावना को दर्शाता है। जिसे आईआईटी कानपुर लंबे समय से प्रोत्साहित करता रहा है।
संस्थापकों, निवेशकों, उद्योग जगत के नेताओं और नीति-निर्माताओं को एक साथ लाकर यह मंच उभरती तकनीकों को अनुसंधान से आगे बढ़ाकर समाज पर सार्थक प्रभाव डालने का अवसर प्रदान करता है। अभिव्यक्ति में भाग लेने वाले स्टार्टअप्स विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिनमें कृषि प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग, क्लीनटेक, साइबर सुरक्षा, रक्षा एवं एयरोस्पेस, वित्तीय प्रौद्योगिकी व सेमीकंडक्टर शामिल हैं।
