गोरखपुर : फार्म हाउस में टेंट व्यवसायी ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र में शुक्रवार को टेंट व्यवसायी और चित्रगुप्त मंदिर के मंत्री अंबरीश कुमार श्रीवास्तव ने कुसम्ही स्थित फार्म हाउस में गोली मारकर खुदकशी कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब दस बजे की है। अंबरीश कुमार श्रीवास्तव अपने पार्क रोड स्थित आवास से फॉर्च्यूनर गाड़ी से फार्म हाउस पहुंचे थे। 

वहां पहुंचकर वह सीधे ऊपर के कमरे में चले गए। कुछ देर बाद कमरे से अचानक गोली चलने की तेज आवाज आई जिसे सुनकर कर्मचारी घबरा गए और दौड़ते हुए ऊपर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलने पर देखा गया कि अंबरीश खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। गोली उनके मुंह के पास लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय वह मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। 

घटना के बाद कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया मगर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है मगर कुछ लोग घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बएा दी गयी है और पुलिस सतर्कता बरत रही है।  

संबंधित समाचार