यूपी : किशोरी को भगाने वाले आरोपी का कोतवाली में फंदे पर लटका मिला शव, इंस्पेक्टर और सिपाही सस्पेंड

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के हाथरस से बड़ी घटना सामने आई है। किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोपी की पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कोतवाली में उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना से हड़कंप मच गया। एसपी ने इंस्पेक्टर और एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की भी बात कही है। 

घटनाक्रम चंदपा कोतवाली थाना क्षेत्र का है। गाजियाबाद के लोनी निवासी 25 साल के चंद्रपाल का चंदपा थाना क्षेत्र की एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित रूप से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 

आरोप है कि चंद्रपाल किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। किशोरी के पिता नपे उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में पुलिस ने किशोरी को लोनी से बरामद कर लिया और आरोपी भी पकड़ा गया। 

पुलिस आरोपी को चंदपा थाने लेकर आई। बताते हैं कि रात करीब 10:30 बजे के आसपास आरोपी शौचालय गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो पुलिस ने जाकर देखा तो सब सन्न रह गए। शौचालय में फंदे पर उसकी लाश मिली। 

इस घटना से थाने में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। उधर, आरोपी के परिवार वाले भी बिलखने लगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी चिरंजीव नाथ ने इंस्पेक्टर श्याम सिंह और कांस्टेबल लखन सिरोही को तत्काल संस्पेंड कर दिया। दोनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। 

पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसके परिजन बिलख रहे हैं और गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में किसानों को राहत, बेमौसम बारिश से प्रभावित फसलों की होगी खरीद, लस्टर लॉस गेहूं की स्वीकार्य सीमा अब 70% तक

संबंधित समाचार