सुलतानपुर : हत्या के मामले को लेकर गांव में तनाव, अंतिम संस्कार से परिजनों का इनकार, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में हत्या के एक मामले को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के भेटौरा गांव में युवक की मौत के बाद परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार न करने की जिद पर अड़े हुए हैं। गुरुवार को दूसरे दिन भी शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका, जिससे प्रशासन के लिए स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 28-29 अप्रैल की रात जसवंत सिंह (28) पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, लेकिन परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। 

मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव के प्रधान पति और उनके सहयोगियों ने पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान के खिलाफ चल रही कथित भ्रष्टाचार जांच को लेकर विवाद था, जिसके चलते यह वारदात हुई। घटना के बाद मृतक की पत्नी और बहन की हालत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

वहीं मौके पर एसडीएम लंभुआ प्रीति जैन, सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर, सीओ सिटी सौरभ सावंत और तहसीलदार प्रांजल त्रिपाठी समेत भारी पुलिस बल तैनात है। अधिकारी लगातार परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। हालांकि परिजन अपनी मांगों पर अडिग हैं, जिससे गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।  

संबंधित समाचार