ममता बनर्जी ने खारिज किए एग्जिट पोल, मतगणना से पहले सतर्क रहने की अपील

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का मतदान समाप्त होने के एक दिन बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल के अनुमानों को सिरे से खारिज करते हुए इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'सुनियोजित साजिश' करार दिया। ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी लगभग नौ मिनट के वीडियो संदेश में दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस 294 सदस्यीय विधानसभा में 226 से अधिक सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल करेगी। राज्यवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने भीषण गर्मी के बीच मतदान करने के लिए मतदाताओं का आभार जताया।

उन्होंने कहा, " अत्यधिक गर्मी के बावजूद मतदान करने के लिए मैं जनता की आभारी हूं। हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी केंद्रीय बलों, स्थानीय दबाव और केंद्र सरकार की मशीनरी के बावजूद मजबूती से डटे रहकर संघर्ष किया।" सुश्री बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए सत्ता और संसाधनों का दुरुपयोग किया गया।उन्होंने कहा, "जो हमें कब्जे में लेना चाहते थे, वे खुद बैलेट बॉक्स में कब्जे में आ गये।" एग्जिट पोल में भाजपा को बढ़त दिखाये जाने पर सवाल उठाते हुए सुश्री बनर्जी ने आरोप लगाया कि ये आंकड़े 'गढ़े गये' और इन्हें प्रसारित कराने के लिए दबाव तथा धन का इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने दावा किया, " टीवी पर दिखाया जा रहा है, वह भाजपा कार्यालय से दोपहर बाद 1:08 बजे प्रसारित किया गया। इसे चलवाने के लिए पैसे दिये गये। मुझे पूरा विश्वास है कि हम 226 पार करेंगे, संभव है 230 तक भी पहुंचें।" मुख्यमंत्री ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय एजेंसियों पर भी विपक्ष को डराने-धमकाने के औजार के रूप में इस्तेमाल किये जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, " ईडी और सीबीआई से धमकाना उनकी आदत है। केंद्रीय बलों और कुछ पुलिस तंत्र का उपयोग किया गया। महिलाओं और बच्चों तक को प्रताड़ित किया गया।"

उदय नारायणपुर में एक मतदाता की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए सुश्री बनर्जी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई और कहा कि तृणमूल कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी। एग्जिट पोल को भाजपा का 'आखिरी दांव' करार देते हुए सुश्री बनर्जी ने इनके प्रचार के पीछे एक बड़े आर्थिक मकसद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मेरे पास पक्की जानकारी है कि शेयर बाज़ार गिर सकता है। इसे स्थिर बनाये रखने के लिए, उन्होंने यह खेल खेला।" मतगणना से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने काउंटिंग सेंटरों की निगरानी करने और पूरी सतर्कता बरतने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "काउंटिंग सेंटर की रक्षा करें। मैं भी करूंगी। रातभर सतर्क रहें।"

ममता बनर्जी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में संभावित छेड़छाड़ की आशंका भी जतायी और आरोप लगाया कि स्ट्रॉन्ग रूम से मतगणना केंद्र तक ले जाते समय मशीनें बदले जाने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने पार्टी एजेंटों को निर्देश दिया कि अंतिम आधिकारिक पुष्टि तक मतगणना टेबल न छोड़ें। साथ ही उन्होंने समर्थकों से संयम बनाये रखने की अपील करते हुए कहा, "उकसावे के बावजूद कानून अपने हाथ में न लें। शांत रहें, लेकिन सतर्क रहें।" अपने संदेश के अंत में सुश्री बनर्जी ने एक बार फिर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर 'प्रत्यक्ष हस्तक्षेप' का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा के पास जमीनी स्तर पर पर्याप्त संगठनात्मक उपस्थिति नहीं है, इसलिए केंद्रीय बलों का सहारा लिया गया।  

संबंधित समाचार