APL में चमका IPL सितारा, गाेमती थंडर की ओर से खेलते हुए RCB के स्वास्तिक ने जड़े 21 छक्के 11 चौके, 69 गेंदों में नाबाद 195 रन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या प्रीमियर लीग (एपीएल) टी-20 में रविवार को गोमती थंडर टीम की ओर से खेलते हुए आईपीएल की आरसीबी के खिलाड़ी स्वास्तिक चिकारा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 69 गेंद में 195 रन ठोक डाले। उसने मैदान पर चौके छक्कों की बरसात करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उसने अपनी पारी में 21 छक्के और 11 चौके लगाए। वहीं पांच छक्के व 12 चौके की मदद से प्रियांशु ने 100 रनों की शतकीय पारी खेली। 20 ओवर के मैच में गोमती थंडर ने हिंडन टाइटन के खिलाफ बिना विकट खोए 307 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। एपीएल के आयोजन सचिव उमेर अहमद ने स्वास्तिक व अंश को मैन ऑफ द के रूप में पुरस्कृत किया।

डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल के क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को दो लीग मैच खेले गए। पहला मैच बेहद रोमांचक रहा। इस मैच में गोमती टीम ने बिना विकेट खोए 20 ओवरों में 307 रनों का विशाल स्कोर हिंडन टाइटन के सामने खड़ा कर दिया। गोमती टीम के स्वास्तिक चिकारा ने धुंआधार 21 छक्के और 12 चौकों की बारिश करते हुए 69 गेंदों पर अविजित 195 रन और प्रियांशु पांडेय ने 52 गेंदों पर पांच छक्के व 12 चौके की मदद से नॉट आउट 100 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। जवाब में हिंडन टाइटन टीम 19.3 ओवरों में 218 रनों पर सभी विकेट खोकर सिमट गई। टीम के शेखर ने 68, विकास ने 25, कुशाग्र ने 24 रन टीम में जोड़े। गोमती के रितिक व वनिन्द्र ने तीन-तीन, प्रभाकर, आतिफ ने दो-दो विकेट लिया। गोमती टीम ने स्वास्तिक मैन ऑफ द मैच रहे।

दूसरे मुकाबले में मनोरमा वारियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट खोकर 191 रन बनाए। इसमें अंश ने 89, अमन ने 58 रनों का योगदान दिया। चंबल चार्जर्स टीम के शुभम शर्मा ने दो व शुभम यादव ने एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी चंबल चार्जर्स टीम निर्धारित ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 165 रन बना सकी। प्रशांत ने 58, सौरभ ने 48 व आदर्श ने 42 रनों का सहयोग दिया। मनोरमा टीम के सोनू व पारस ने एक एक विकेट लिया। अंश मैन ऑफ द मैच रहे।

ये भी पढ़ें  :
IPL 2026 : इकाना में LSG का प्रैक्टिस सेशन, जूनियर तेंदुलकर के बैट वजन से 'इम्प्रेस' हुए ऋषभ, जानिए क्या बोले कप्तान  

 

संबंधित समाचार