वाराणसी पुलिस ने बचायी जान, 19 वर्षीय युवक को आत्महत्या करने से रोका, मेटा अलर्ट मिलते ही हरकत में आये जवान
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले की चोलापुर पुलिस ने मेटा के अलर्ट पर आत्महत्या करने जा रहे 19 वर्षीय युवक की जान बचा ली। युवक ने रविवार रात इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, "आज आखिरी रात है मेरी, कोई कॉल न करना क्योंकि मैंने ज़हर खा लिया है।" इस पोस्ट के संबंध में मेटा की ओर से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से अलर्ट प्राप्त हुआ।
सोशल मीडिया सेल वाराणसी द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना और लोकेशन के आधार पर थाना चोलापुर के उप निरीक्षक अवनीश मिश्रा एवं आरक्षी विकास शर्मा मात्र 17 मिनट के अंतराल में युवक के घर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने तत्काल परिजनों के साथ युवक के पास पहुंचकर देखा कि वह एक ग्लास में कुछ घोलकर पी रहा था। उसके पास ही एक कीटनाशक पैकेट का खाली रैपर पड़ा हुआ था।
पुलिस कर्मियों ने तुरंत युवक से वह ग्लास छीन लिया। जब युवक से पूछा गया कि उसने क्या पिया है, तो उसने बताया कि वह कीटनाशक घोलकर पी रहा था। यह कहते हुए युवक जोर-जोर से रोने लगा। पुलिस कर्मियों ने तत्काल परिजनों के सहयोग से युवक को घरेलू प्राथमिक उपचार दिया। युवक के सामान्य होने के बाद पुलिस द्वारा जानकारी लेने पर उसने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और एक लड़की से प्रेम करता था, लेकिन लड़की उससे बात करना नहीं चाहती थी।
इसी कारण वह अवसाद में चला गया था और आत्महत्या करने का कदम उठा लिया। प्रकरण में पुलिस कर्मियों द्वारा समय रहते पहुंचकर युवक को आत्महत्या करने से रोक लिया गया तथा उसकी काउंसलिंग की गई। युवक ने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया। युवक के परिजनों ने स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों की तत्परता और सहयोग के लिए वाराणसी पुलिस का धन्यवाद किया।
ये भी पढ़ें :
यूपी में सीएम योगी की बड़ी पहल: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन और नियुक्ति पत्र, भवनों के नए डिजाइन का शिलान्यास
