UPPCS Result : जौनपुर में मिठाई विक्रेता का बेटा बना डिप्टी एसपी, हासिल 11वीं रैंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के चंदवक क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। खुज्झी मोड़ निवासी मिठाई विक्रेता के बेटे राजू मोदनवाल ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल कर डिप्टी एसपी पद प्राप्त किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राजू के पिता सूरज मोदनवाल खुज्झी मोड़ पर मिठाई की दुकान चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। 

राजू ने प्रारंभिक शिक्षा श्री कुबेर सिंह माध्यमिक विद्यालय, खुज्झी से प्राप्त की और इंटरमीडिएट सुमित्रा शिक्षा इंटर कॉलेज, बजरंगनगर से किया। इसके बाद उन्होंने श्री गणेश राय पीजी कॉलेज से बीएससी में प्रवेश लिया, लेकिन बेहतर तैयारी के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध हंसराज कॉलेज में दाखिला लेकर स्नातक की पढ़ाई पूरी की और वहीं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। 

राजू का सफर संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने दो बार सिविल सेवा (आईएएस) की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की, लेकिन इंटरव्यू में सफलता नहीं मिल सकी। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते रहे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने यूपीपीएससी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 11वीं रैंक प्राप्त कर डिप्टी एसपी का पद हासिल किया। 

राजू ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, चाचा और पड़ोसियों के सहयोग तथा अपनी कड़ी मेहनत को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनकी सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।  

संबंधित समाचार