कानपुर पुलिस ने शुरू की ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था, मरीजों के लिये एम्बुलेंस की रियल टाइम मॉनिटरिंग और ट्रैफिक समन्वय

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कानपुर। आपातकालीन मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के उद्देश्य से कानपुर पुलिस ने "ग्रीन कॉरिडोर" व्यवस्था शुरू की है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने मंगलवार को यहां पत्रकारों को बताया कि इस व्यवस्था के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) में 24×7 एक विशेष सेल स्थापित किया गया है, जो एम्बुलेंस की रियल टाइम मॉनिटरिंग और ट्रैफिक समन्वय करेगा। 

एम्बुलेंस चालक हेल्पलाइन नंबर 9454402413 पर कॉल, मैसेज या लाइव लोकेशन साझा कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित मार्ग पर तैनात ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट कर एम्बुलेंस के लिए रास्ता खाली कराया जाएगा। संभावित जाम वाले स्थानों पर पहले से पुलिस बल तैनात कर मार्ग को क्लियर किया जाएगा, ताकि मरीज को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सके। 

इस संबंध में पुलिस कार्यालय सभागार में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें ट्रैफिक पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, आईएमए, अस्पताल संचालकों और एम्बुलेंस ऑपरेटरों के साथ समन्वय स्थापित किया गया। 

बैठक में तय किया गया कि शहर के प्रमुख अस्पतालों और व्यस्त चौराहों को चिन्हित कर एक विस्तृत रूट मैप तैयार किया जाएगा, जिससे आपातकालीन यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जा सके। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर एम्बुलेंस को प्राथमिकता दें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके। 

ये भी पढ़ें :
यूपी के IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने दिया इस्तीफा, बोले- 'काम नहीं, सिर्फ वेतन', सिस्टम पर उठाए गंभीर सवाल 

संबंधित समाचार