सोलर पावर से चमका युवा का आइडिया... छात्र का ‘सोलर लाइट-प्रोजेक्शन फ्रेम’ अब स्टार्टअप बनने को तैयार, देखें क्यों है खास

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: एमएसएमई मंत्री राकेश सचान के मार्गदर्शन में एक युवा नवाचार ने नई दिशा पाई है। जीएल बजाज संस्थान के बीटेक छात्र देव मंथन द्वारा विकसित सोलर आधारित रिचार्जेबल लाइट-प्रोजेक्शन फोटो फ्रेम अब तकनीक, रचनात्मकता और स्वच्छ ऊर्जा का अनूठा उदाहरण बनकर उभर रहा है।

यह फ्रेम सामान्य स्थिति में साधारण दिखाई देता है, लेकिन प्रकाश पड़ते ही इसमें छिपा चित्र या संदेश उभरकर सामने आता है। हिडेन इन प्लेन साइट अवधारणा पर आधारित यह प्रोजेक्ट शुरुआत में बिजली आधारित बैकलाइट पर निर्भर था, जिससे इसकी उपयोगिता सीमित थी। मंत्री राकेश सचान ने इस प्रोटोटाइप का अवलोकन कर इसे सोलर ऊर्जा से जोड़ने का सुझाव दिया, जिसने इस प्रोजेक्ट को नया आयाम दिया। इसके बाद देव मंथन ने अपने मेंटर विश्वास गुप्ता के साथ मिलकर 15-20 दिनों के प्रयास में इसे सोलर पैनल से संचालित, पूरी तरह वायरलेस उत्पाद में बदल दिया।

अब यह फ्रेम कहीं भी आसानी से लगाया जा सकता है और बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देता है। एमएसएमई विभाग की पहल से युवाओं को नवाचार और स्टार्टअप के लिए लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। देव मंथन अब इसे द आईवरी स्पार्क स्टूडियो के तहत स्टार्टअप के रूप में विकसित कर बाजार में उतारने की तैयारी में हैं। शुरुआती ऑर्डर मिलना शुरू हो चुके हैं और भविष्य में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है।

संबंधित समाचार