Bareilly : तीसरे दिन भी गौतस्करों पर एक्शन जारी...25 हजार का इनामिया मुठभेड़ में घायल
बरेली, अमृत विचार। गौकशों के खिलाफ बरेली पुलिस फिलहाल एक्शन मोड में है। बुधवार तड़के लगातार तीसरे दिन पुलिस की गौकशों के साथ मुठभेड़ हुई। जिसमें 25 हजार के इनामिया और कुख्यात गौतस्कर कामिल उर्फ नक्टा को फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है।
दरअसल थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को सूचना मिली थी कि गौकशी के आरोप में वांछित चल रहा इनामिया बदमाश कामिल उर्फ नक्टा रबर फैक्ट्री के जंगल के नजदीक गौकशी करने की फिराक में है। बुधवार तड़के पुलिस ने जंगल की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देख कामिल ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जिसमें दरोगा पंकज कुमार के बाजू को गोली छूते हुए निकली। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई और कामिल उर्फ नक्टा निवासी मोहल्ला ग्यासपुर, थाना बीसलपुर जिला पीलीभीत को दोनों पैरों में गोली लगी। फिलहाल घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीओ हाईवे आशुतोष शिवम ने बताया कि इनामिया गौतस्कर कामिल उर्फ नक्टा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। थाना फतेहगंज पश्चिमी में दर्ज गौकशी के मुकदमें में वांछित चल रहा था। इसके अलावा अन्य 15 मुकदमे इसके खिलाफ पहले से दर्ज हैं। आरोपी के पास से अवैध हथियार और गौकशी के इस्तेमाल में आने वाले उपकरण बरामद किए गए।
