श्रद्धालुओं ने सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि, अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के नेतृत्व में चैती छठ महापर्व का आयोजन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः लक्ष्मण मेला मैदान गोमती तट पर मंगलवार को चैती छठ महापर्व का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने किया। शाम करीब 4 बजे से व्रती महिलाएं व श्रद्धालु छठ घाट पर एकत्र हुए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शाम 6 बजे भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सभी ने सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर व्रतियों द्वारा घरों में कोसी भरने की परंपरा भी निभाई गई। आयोजन में समाज के संरक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह, राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर छठ घाट पर पूजा कर लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखा। बुधवार की सुबह 5:30 बजे उदयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाएगा। इसके बाद प्रसाद वितरण होगा और महिलाएं एक-दूसरे को लंबा सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्यवती होने की शुभकामनाएं देंगी। प्रभुनाथ राय ने बताया कि यह आयोजन पिछले 42 वर्षों से निरंतर रूप में किया जा रहा है, जो सामाजिक एकता और आस्था का प्रतीक बन चुका है।

 

संबंधित समाचार