बाराबंकी में रफ्तार का कहर : सड़क हादसों में पुजारी समेत दो की मौत, चार घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/सूरतगंज, बाराबंकी, अमृत विचार। अलग-अलग सड़क हादसों में एक मंदिर के पुजारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए। मृतकों में एक बहन के अंतिम संस्कार से होकर गोण्डा वापस जा रहा था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

रामनगर थाना क्षेत्र में गोण्डा-बहराइच हाईवे स्थित तपेसिपाह मोड़ के पास सोमवार देर रात हादसा हुआ। यहां साइकिल से हाईवे पार कर रहे चाचा-भतीजे को तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गोण्डा जनपद के करनैलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्दशील निवासी करीब 50 वर्षीय शिवनारायण की मौत हो गई, जबकि उनके भतीजे जितेंद्र घायल हो गए। दोनों अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के सदुल्लापुर चौराहे के पास सोमवार दोपहर हुए हादसे में घायल बुजुर्ग ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। बतनेरा गांव निवासी 70 वर्षीय फौजदार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पहले उन्हें सीएचसी सूरतगंज और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की कोई संतान नहीं थी और उनकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही हैं, जिससे परिवार की स्थिति और भी दयनीय हो गई है।

रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर दयारामपुरवा गांव के पास बाइक और साइकिल की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अमेठी के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र निवासी साहब दीन, उनके साथी काशीराम और एक किशोरी शामिल हैं। सभी का इलाज सीएचसी में चल रहा है।

भठ्ठा कर्मी की अस्वाभाविक मौत 

सतरिख थाना क्षेत्र के लखैचा गांव स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने वाले 60 वर्षीय हरीलाल यादव की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि वह सोमवार शाम ऑफिस में बैठे थे, तभी अचानक गिर पड़े। उन्हें तुरंत सीएचसी सतरिख ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हरीलाल मूल रूप से सुल्तानपुर जनपद के जठवारा थाना क्षेत्र के विक्रम शाह का पुरवा गांव के निवासी थे और करीब पांच महीने पहले ही काम के सिलसिले में यहां आए थे।

संबंधित समाचार