आज से बढ़ी मजदूरी, प्रदेश के लाखों श्रमिकों को लाभ... श्रम विभाग ने बढ़ाई दरें

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

सभी श्रेणियों की आय में इजाफा

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में संगठित और असंगठित क्षेत्र के लाखों श्रमिकों को पहली अप्रैल से बढ़ी हुई मजदूरी का लाभ मिलेगा। महंगाई को ध्यान में रखते हुए श्रम विभाग ने मजदूरी की मूल दरों और महंगाई भत्ते (डीए) में संशोधन किया है, जिससे कामगारों की दैनिक आय में औसतन 10 से 14 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।

श्रमायुक्त मार्कंडेय शाही द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अकुशल, अर्द्ध-कुशल, कुशल और अति कुशल सभी श्रेणियों के श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाई गई है। नई दरों के अनुसार, अकुशल श्रमिकों की मासिक मजदूरी 10,293 रुपये से बढ़कर 10,566.29 रुपये (करीब 406.39 रुपये प्रतिदिन) हो गई है। अर्द्ध-कुशल श्रमिकों को अब 11,740 रुपये मासिक (लगभग 451.55 रुपये प्रतिदिन) मिलेंगे। वहीं कुशल श्रमिकों की मजदूरी बढ़कर 12,679 रुपये (करीब 487.67 रुपये प्रतिदिन) हो गई है।

कालीन उद्योग के साथ-साथ कांच और चूड़ी उद्योग से जुड़े श्रमिकों को भी इस बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। कांच उद्योग में अकुशल श्रमिकों की मजदूरी बढ़कर 10,096.68 रुपये (388.33 रुपये प्रतिदिन) हो गई है, जबकि अर्द्ध-कुशल और कुशल श्रमिकों को क्रमशः लगभग 442.52 रुपये और 492.19 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। चूड़ी उद्योग में विशेष कार्य करने वाले श्रमिकों की आय में भी वृद्धि हुई है। तारवाला को अब करीब 26,180.93 रुपये मासिक (लगभग 1006.95 रुपये प्रतिदिन) और पर्यवेक्षक को करीब 681.84 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। श्रम विभाग हर छह महीने में महंगाई भत्ते की समीक्षा करता है। इस बार भी महंगाई के प्रभाव को देखते हुए मजदूरी दरों में संशोधन किया गया है, जिससे श्रमिकों की आय और जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है।

नई मजदूरी दरें

▪ अकुशल: ~406 रुपये प्रतिदिन
▪ अर्द्ध-कुशल: ~451 रुपये प्रतिदिन
▪ कुशल: ~487 रुपये प्रतिदिन
▪ कांच उद्योग अकुशल: ~388 रुपये प्रतिदिन
▪ चूड़ी उद्योग तारवाला: ~1006 रुपये प्रतिदिन
▪ औसतन 10–14 रुपये प्रतिदिन बढ़ोतरी

संबंधित समाचार