असम में अमित शाह ने झोकी ताकत : गुवाहाटी में भाजपा प्रत्याशी के लिए किया रोड शो
गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को असम के अपने दो-दिवसीय दौरे की शुरुआत यहां रोड शो से की। उन्होंने राज्य में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के समर्थन में यह रोड शो किया।
शाह ने जलुकबाड़ी सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, विजय कुमार गुप्ता (गुवाहाटी सेंट्रल), डिप्लू रंजन शर्मा (न्यू गुवाहाटी), प्रद्युत बोरदोलोई (दिसपुर) और असम गण परिषद (अगप) उम्मीदवार तपन दास (दिमोरिया) के समर्थन में रोड शो किया।
शर्मा को छोड़कर, अन्य उम्मीदवार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया शाह के साथ रोड शो में शामिल हुए। यह रोड शो आर्य विद्यापीठ कॉलेज के मैदान से शुरू होकर गुवाहाटी के मध्य विधानसभा क्षेत्र के नेपाली मंदिर प्वॉइंट पर समाप्त हुआ। ए के आजाद रोड पर रोडशो के दौरान करीब दो किलोमीटर की दूरी तय की गई।
भाजपा के पोस्टरों से सजी खुली एसयूवी पर खड़े शाह का रास्ते भर मौजूद उत्साही भीड़ और पार्टी समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। 'एक्स' पर रोड शो का वीडियो साझा किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री शनिवार शाम को राज्य की राजधानी पहुंचे। अपने दो-दिवसीय दौरे के दौरान, वह कई चुनावी रैलियों को संबोधित करने के साथ-साथ भाजपा के शीर्ष पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।
